कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र में नहर में गिरी जेसीबी, चालक की तलाश जारी
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरामाल की नहर में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार देर रात रिवर्स करते समय एक जेसीबी मशीन नहर में गिर गई। नहर का बहाव तेज होने के कारण मशीन गहराई में समा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार जेसीबी का चालक अमित पटेल, जो सण्डेल गांव का निवासी है, अपने घर लौटने की तैयारी में था। इस दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ने से मशीन सीधे नहर में जा गिरी। घटना के बाद चालक का कोई अता-पता नहीं चल पाया है और उसकी तलाश की जा रही है।
जेसीबी मशीन का स्वामित्व लक्ष्मी खूटे, निवासी बेलपहरी के पास बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शुक्रवार सुबह तक मशीन को नहर से बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन चालक का पता अब तक नहीं चल सका है।
पुलिस और गोताखोरों की टीम चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






