कोरबा–चांपा मार्ग पर भीषण टक्कर, पिकअप के उड़े परखच्चे… फिर भी चालक बाल-बाल बचा
कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर सरगबंदिया और बरपाली के बीच देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, हालांकि इसमें पिकअप चालक और साथ मौजूद लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। पिकअप वाहन (CG 12 AP 0721) में सवार कर्मचारी एनएच में सड़क पर सफेद पट्टी (रोड मार्किंग) लगाने का काम करते हैं। इसी दौरान पिकअप का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद चालक चंदन वाहन को सड़क किनारे साइड में लगाकर टायर बदल रहा था।
इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा (CG 12 BV 8333) ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे का हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। वाहन की हालत देखकर ऐसा लग रहा था कि शायद चालक बच नहीं पाया होगा, लेकिन सौभाग्य से पिकअप चालक चंदन और साथ मौजूद अन्य लोगों को कोई चोट नहीं आई।
टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे लगे 11 केवी बिजली के खंभे को तोड़ते हुए पास के खेत में जा घुसा। हादसे में हाईवा चालक दुर्गेश बरेठ, निवासी जांजगीर जिला, गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में उसका एक पैर टूट गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज उसका जारी है









