कोरबा तेज रफ्तार का कहर: नुनेरा के पास भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, चक्काजाम के बाद खुला

Must read

तेज रफ्तार का कहर: नुनेरा के पास भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, चक्काजाम के बाद खुला मार्ग

 

 

 

 

 

ज्ञान शंकर तिवारी रिपोर्ट

दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार ने कहर बरपाया। ग्राम नुनेरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर भी पलट गया।

मृतकों की पहचान ओम प्रकाश (30 वर्ष), बृजपाल सिंह (25 वर्ष) और मंगल सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम पोटापानी के निवासी थे और रोज़ की तरह काम के लिए दीपका खदान जा रहे थे।

सुबह करीब 9 बजे नुनेरा के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने दीपका-पाली मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 3 लाख 75 हजार रुपये की सहायता राशि देने, सड़क पर स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा मृतकों के परिवार के एक सदस्य को संबंधित कंपनी में नौकरी देने की सहमति दी। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।

यह हादसा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए अब लोगों ने ठोस कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

More articles

Latest article