कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई – लूट व डकैती के मामलों में रिहा आरोपियों की थाना-चौकियों में परेड
कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा असामाजिक व अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों को कड़े एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।
उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के अनुभागीय अधिकारियों (एसडीओपी) तथा समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध त्वरित, प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में आज तड़के सुबह लगभग 04:00 बजे से कोरबा जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत लूट, डकैती एवं अन्य गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त तथा सजा प्राप्त कर चुके आदतन अपराधियों को उनके निवास स्थानों से थाना तलब किया गया। इसके पश्चात थाना परिसरों में उनकी विधिवत परेड कराई गई।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 102 लूट एवं डकैती के मामलों में संलिप्त आरोपियों को थाना तलब किया गया, जो पूर्व में ऐसे अपराधों में जेल जा चुके हैं। थाना स्तर पर सभी आरोपियों का सत्यापन, रिकॉर्ड परीक्षण एवं काउंसलिंग की गई तथा उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त न होने की सख्त चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान सक्रिय पाए गए आरोपियों के विरुद्ध परिस्थितियों के अनुसार थाना एवं चौकियों द्वारा धारा 110, 107, 116(3) एवं 129 बीएनएसएस के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई की गई। साथ ही कई आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। आदतन अपराधियों के खिलाफ थाना एवं चौकियों में हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और अपराधों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास बनाए रखना कोरबा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।






