प्राथमिक शाला कुरूडीह के छात्र चैतन्य कंवर ने नवोदय चयन परीक्षा में कोरबा जिले में पाया प्रथम स्थान
कोरबा जिले के ग्राम कुरूडीह स्थित प्राथमिक शाला के छात्र चैतन्य कंवर ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में पूरे कोरबा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने गांव और स्कूल का नाम रोशन किया है। चैतन्य की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे ग्राम कुरूडीह में खुशी और उत्साह का माहौल है।
चैतन्य कंवर के पिता मनोज कुमार कंवर और माता श्रीमती रामायण बाई कंवर ने बेटे की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। वहीं विद्यालय के शिक्षक मनोज प्रधान, शिक्षिका श्रीमती उर्मिला कंवर और राजेश्वरी कंवर ने भी चैतन्य की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस सफलता पर सीएसी संजय चौहान तथा संकुल प्राचार्य श्री एच.के. कुर्रे ने भी चैतन्य को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
ग्रामीणों और स्कूल परिवार का कहना है कि चैतन्य की इस उपलब्धि से अन्य बच्चों में भी पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा। चैतन्य की सफलता को लेकर पूरे ग्राम कुरूडीह में उत्सव जैसा माहौल देखा जा रहा है।









