बिलासपुर में रॉन्ग साइड आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने मचाई तबाही; स्कॉर्पियो सवार 4 की मौके पर मौत, एक गंभीर..गैस कटर से 2 घंटे बाद निकाले गए शव!
बिलासपुर: जिले के सकरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बीडी 9044 सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 04 एम क्यू 4220 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। तब तक चार लोगों की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे उम्र 37 वर्ष पिता बालाराम रात्रे निवासी ग्राम कुवागांव थाना तखतपुर, विशाल लहरें उम्र 25 वर्ष पिता राजकुमार लहरें निवासी बिरगहनी थाना जरहागांव जिला मुंगेली, अनमोल लहरें उम्र 14 वर्ष पिता संजय लहरें निवासी बिरगहनी थाना जरहागांव जिला मुंगेली व सोनू मिरी उम्र 28 वर्ष निवासी कोटा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे, जो यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटते ही कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में प्रकाश रात्रे पिता मंशाराम रात्रे निवासी ग्राम कुवागांव थाना तखतपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। चार लोगों की एक साथ मौत से गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। सकरी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड चलने वाले भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









