रामपुर विधानसभा के विधायक फूलसिंह राठिया ने मुख्यमंत्री को सौंपे मांग पत्र, किसानों और आदिवासी समाज की समस्याओं पर दिलाई ध्यान
कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने अपने क्षेत्र के आम नागरिकों, किसानों और आदिवासी समाज से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित किया है। इन पत्रों में विधायक ने न केवल ग्रामीणों की समस्याओं का विस्तार से उल्लेख किया है बल्कि समाधान हेतु ठोस सुझाव भी प्रस्तुत किए हैं।
आदिवासी समाज के लिए सामुदायिक भवन की मांग
विधायक राठिया ने मुख्यमंत्री को भेजे एक पत्र में बताया कि रामपुर विधानसभा एक आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। यहां सर्व आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। सामाजिक कार्यक्रमों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए इस समाज के पास उपयुक्त भवन का अभाव है। विधायक ने ग्राम पंचायत करतला, जनपद पंचायत करतला, जिला कोरबा में सर्व सुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण की स्वीकृति की मांग की है। इस भवन की अनुमानित लागत लगभग 50 लाख रुपए बताई गई है। उनका कहना है कि भवन बन जाने से समाज के लोगों को सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम करने में बहुत सुविधा होगी।
किसानों की सुविधा के लिए नए धान उपार्जन केन्द्र की पहल
धान उत्पादन इस क्षेत्र के किसानों की मुख्य आजीविका है। विधायक ने कई पत्रों के माध्यम से अलग-अलग पंचायतों में नए धान उपार्जन केन्द्र खोलने की मांग की है।
ग्राम पंचायत पिड़िया, बांधापाली, केराकछार के किसानों को धान बेचने के लिए काफी दूरी तय कर केरवांद्वारी जाना पड़ता है। दूरी अधिक होने के कारण किसानों को भारी असुविधा होती है। विधायक ने पिड़िया में ही नया उपार्जन केन्द्र खोलने की मांग की है।
इसी तरह ग्राम पंचायत गितकुंवारी, गिरारी, लबेद, डूमरडीह के किसान बरपाली केन्द्र पर जाते हैं। दूरी की समस्या के कारण उन्होंने यहां भी गितकुंवारी में नया केन्द्र खोलने का सुझाव दिया है।
इसके अलावा ग्राम हाथीमुंड, सकदुकला, भेलवाटार, कल्दामार और ऑछीमार के किसानों को धान बेचने भैसमा जाना पड़ता है। विधायक ने बताया कि ग्राम चाकामार में शासकीय भूमि उपलब्ध है, जहां नए केन्द्र की स्थापना की जा सकती है।
विधायक का मानना है कि नए उपार्जन केन्द्र खुलने से किसानों का समय और धन दोनों की बचत होगी और उन्हें धान विक्रय में सुविधा मिलेगी।
सड़क मरम्मत की आवश्यकता
विधानसभा भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त मांगों का उल्लेख करते हुए विधायक राठिया ने मुख्यमंत्री को कुदमुरा से मदवानी तक लगभग 8 किमी सड़क मरम्मत के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि यह मार्ग ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख साधन है। खराब सड़क के कारण न केवल किसानों और छात्रों को बल्कि आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
छात्रावासों में अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का आग्रह
शिक्षा के क्षेत्र में विधायक ने मुख्यमंत्री का ध्यान खींचते हुए कहा है कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में आदिवासी बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रावासों में सीटें सीमित होने से अनेक बच्चों को बाहर रहना पड़ता है। विधायक ने अपने पत्र में करतला, कोरबा और भैसमा के विभिन्न आदिवासी बालक-बालिका छात्रावासों तथा कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय सेन्द्रीपाली में सीटें बढ़ाने की मांग की है।
पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि –
प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास करतला में 50 सीट,
कन्या छात्रावास करतला में 20 सीट,
कन्या छात्रावास रामपुर में 20 सीट,
प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास भैसमा में 20 सीट,
कन्या छात्रावास भैसमा में 10 सीट,
प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास तुमान में 10 सीट,
प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास तिलकेजा में 20 सीट,
कन्या छात्रावास तिलकेजा में 20 सीट,
कन्या छात्रावास कुदमुरा में 20 सीट
अतिरिक्त स्वीकृत की जाएं।
विधायक ने जताया विश्वास
पत्रों के अंत में विधायक फूलसिंह राठिया ने आशा व्यक्त की है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जनहित और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।






