संघ निरंतर खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने कार्य कर रहा
कबड्डी खेल को नई दिशा देने पर हुई बैठक
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी का रिपोर्ट
पाली, ग्राम केराझरिया गौठान में ब्लॉक कबड्डी संघ, पाली की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संघ के पदाधिकारी एवं खिलाड़ियों की उपस्थिति रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी खेल सत्र के लिए नई नियमावली एवं संगठनात्मक सुधारों पर विचार-विमर्श करना था।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कबड्डी संघ पाली के अध्यक्ष राजकुमार राज ने की। उन्होंने बताया कि यह बैठक जिला सचिव अनुज प्रताप के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार आयोजित की गई है। अध्यक्ष ने कहा कि ब्लॉक कबड्डी संघ निरंतर खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने, उनके खेल कौशल को निखारने और ग्रामीण स्तर से लेकर राज्य स्तर तक कबड्डी को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने के लिए कार्यरत है। बैठक में संतोष टेकाम ने सुझाव दिया कि राज्य स्तरीय तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता को अब दो दिवसीय स्वरूप में आयोजित किया जाए, जिस पर सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति प्रदान की। इस अवसर पर बीजापुर में कोच रहे रविंद्र यादव ने जानकारी दी कि वे अब कोरबा जिले में कबड्डी अकादमी प्रारंभ कर रहे हैं, जिससे न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं खेल की नई तकनीकें सीखने का अवसर मिलेगा। यह अकादमी प्रदेश में कबड्डी खेल के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी सभी कबड्डी आयोजनों में ब्लॉक कबड्डी संघ की ओर से चार निर्णायक (रेफरी) उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि खेल की गुणवत्ता, निष्पक्षता और मानक में और वृद्धि हो सके।
साथ ही यह भी चर्चा हुई कि 30 अक्टूबर से पोटापानी में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें ब्लॉक की सभी टीमों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों एवं सदस्यों में कार्यवाहक अध्यक्ष शंकर दीवान, सचिव पुरुषोत्तम टेकाम, अध्यक्ष चंद्रभान, रिशेंद्र नेटी, गोकुल मरकाम, जोहित यादव, अनंथ राम, बंधन राज, धीरेंद्र पोर्ते, संतोष यादव, राजकुमार राज, अनिल एक्का, रामदास, पंचराम, राम भजन, मनीष, रामकुमार एवं योगेश राज शामिल रहे।






