अडानी कोल परियोजना के विरोध में ग्रामीणों का बड़ा प्रदर्शन – दो विधायकों ने दिया समर्थन
धरमजयगढ़ — अडानी पुरुंगा भूमिगत कोयला परियोजना के खिलाफ ग्राम पंचायत सामहरसिंगा, पुरुंगा, तेंदुमुड़ी और कोकदार के ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना से उनकी जल–जंगल–जमीन और आजीविका पर बड़ा खतरा है।
प्रदर्शन में धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया और रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया भी पहुंचे और ग्रामीणों की मांगों का खुलकर समर्थन किया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत सामहरसिंगा द्वारा प्रस्तावित पर्यावरणीय जनसुनवाई पहले ही निरस्त की जा चुकी है, और पेसा कानून 1996 तथा छत्तीसगढ़ पेसा कानून 2022 के तहत ग्रामसभा के निर्णय को अंतिम माना जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामसभा के निर्णय का सम्मान किया जाए और किसी भी प्रकार की जबरन परियोजना थोपने की कोशिश न हो। दोनों विधायकों ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की आवाज विधानसभा तक पहुंचाई जाएगी और जनहित के खिलाफ किसी भी परियोजना को लागू नहीं होने दिया जाएगा।






