भैसमा चौक में होगा मुख्यमंत्री के खिलाफ पुतला दहन, कांग्रेस ने किया आह्वान
कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिले में जमीन खरीदी गाइडलाइन में भारी बढ़ोतरी और धान खरीदी व्यवस्था में अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन आज सोमवार, 1 दिसंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे भैसमा चौक में होगा, जहां पुतला दहन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा पत्रकार वार्ता भी की जाएगी।
कार्यक्रम के लिए प्रदेश कांग्रेस, जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, मंडल एवं सेक्टर स्तर के सभी पदाधिकारियों के साथ—महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, NSUI, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि तथा सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के अध्यक्ष मनोज चौहान ने बताया कि भूमि गाइडलाइन में की गई अप्रत्याशित वृद्धि आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने वाली है, वहीं धान खरीदी प्रणाली में अव्यवस्था से किसान लगातार परेशान हैं। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ यह विरोध—प्रदर्शन किया जा रहा है।


