मानवता को झकझोर देने वाली घटना
अलग-अलग टुकड़ों में मिली नवजात की लाश, पूरे गांव में दहशत और आक्रोश
बिलासपुर।जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जांजी से सामने आई एक हृदयविदारक और अमानवीय घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जहां नवजीवन का आगमन उत्सव माना जाता है, वहीं यहां एक दिन के मासूम नवजात को इतनी नृशंसता के साथ मौत के हवाले कर दिया गया कि इंसानियत शर्मसार हो गई।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात लोगों द्वारा नवजात शिशु को शासकीय हाई स्कूल परिसर में छोड़ दिया गया, जिसके बाद कुत्तों द्वारा शव को नोचने से उसके टुकड़े अलग-अलग स्थानों पर मिले।
गुरुवार सुबह गांव के कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे, तभी उन्होंने एक कुत्ते को मुंह में किसी चीज को दबाकर भागते देखा। बच्चों की सूचना पर जब ग्रामीणों ने पीछा किया, तो कुत्ता कोटवार दीपक वर्मा के घर के बाड़ी में नवजात का सिर छोड़कर भाग गया।
वहीं कुछ दूरी पर अशोक वर्मा के घर के बाड़ी में बच्चे का कमर से नीचे का हिस्सा और दोनों पैर बरामद किए गए। यह भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव के सभी टुकड़ों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, शिशु की उम्र लगभग एक दिन बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को किन परिस्थितियों में और किसने स्कूल परिसर में छोड़ा।
इस अमानवीय घटना के बाद गांव में दहशत और गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों की आंखों में आंसू हैं और मन में एक ही सवाल—
क्या हमारा समाज इतना संवेदनहीन हो गया है?
ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी मासूम इस तरह मानव क्रूरता का शिकार न बने।






