तालाब में डूबने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, गांव में शोक की लहर
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपातराई में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय बुद्धू राम मैत्री रोज की तरह सुबह दातून करने के लिए घर से निकले थे।
परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह टहलने और दातून करने के बाद थोड़ी ही देर में वापस लौट आते थे, लेकिन बुधवार को कई घंटे बीत जाने के बाद भी घर नहीं पहुंचे। चिंता बढ़ने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की।
तलाश के दौरान गांव के तालाब में उनका शव तैरता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।









