पोस्टमार्टम में देरी पर बवाल: सरपंच की पिटाई से मर्चुरी कर्मचारी की मौत
कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। ग्राम बेंदरकोना के सरपंच द्वारा मर्चुरी कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेंदरकोना निवासी एक व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। इस दौरान परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम जल्द कराने को लेकर दबाव बना रहे थे। उसी समय मर्चुरी कर्मचारी अन्य शव को शिफ्ट करने में व्यस्त थे।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ कर्मचारी बालचनैया ने परिजनों और ग्रामीणों से कुछ देर इंतजार करने को कहा, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान ग्राम बेंदरकोना के सरपंच और कर्मचारी बालचनैया के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।
आरोप है कि सरपंच ने गुस्से में आकर कर्मचारी का सिर पकड़कर दीवार में पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल कर्मचारी बालचनैया अपने साथियों के साथ सिविल लाइन थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन हालत बिगड़ने के कारण वे केवल आवेदन देकर वापस लौट आए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल कर्मचारी को आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा था, लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान अंततः उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने आरोपी सरपंच के खिलाफ सख्त कार्रवाई, साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। पुलिस ने मामले में आरोपी सरपंच के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।









