कोरबा। “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
यह घटना सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के एमपीटी नगर स्थित “दिव्या ज्वेलर्स” में 24 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:15 बजे की है, जहां तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं। आभूषण देखने के दौरान उन्होंने दुकानदार और कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और मौका पाकर सोने के जेवरात चोरी कर फरार हो गईं।
घटना की रिपोर्ट प्रार्थी अखिल कुमार देवांगन द्वारा दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित की। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे CCTV कैमरों और जिला ऑटो संघ के सहयोग से महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए उड़ीसा के संबलपुर से अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में 3 महिलाएं शामिल हैं, जो ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाती थीं, जबकि उनके अन्य साथी चोरी की वारदात को अंजाम देकर तुरंत स्थान बदल देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए दो सोने की चेन और एक लॉकेट सहित लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त XUV300 वाहन को भी जप्त किया गया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल के राणाघाट, मालदा और सिलीगुड़ी क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है और छत्तीसगढ़ के अन्य शहर भी इनके निशाने पर थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
कोरबा पुलिस ने शहर के व्यापारियों और जिला ऑटो संघ का सहयोग के लिए आभार जताया है और सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
🔷 कोरबा पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।









