भीषण गर्मी में बिजली कटौती से पाली-नुनेरा क्षेत्र बेहाल, बिना सूचना घंटों गुल रहती है बिजली
पाली/नुनेरा। भीषण गर्मी और उमस के बीच पाली क्षेत्र के नुनेरा, बांधाखार फील्ड सहित आसपास के गांवों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिना किसी पूर्व सूचना के दिन और रात में बार-बार बिजली बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा अचानक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे घरों में गर्मी से हालात बदतर हो रहे हैं। तेज गर्मी के कारण छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बिजली कटौती से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
रात के समय बिजली गुल रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। वहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने ग्रामीणों की परेशानी दोगुनी कर दी है। किसानों के कृषि कार्य और छोटे व्यापारियों का कामकाज भी बिजली बाधित होने से प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली कटौती से पहले क्षेत्रवासियों को सूचना दी जाए तथा नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्टर – ज्ञान शंकर तिवारी, पाली


