खनिज उड़नदस्ता का बड़ा छापा: 15 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश, 14 वाहन जब्त
कोरबा, जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने संयुक्त जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सीतामढ़ी, कपाटमुड़ा, सुराकछार, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, बरमपुर, बांकीमोगरा, सुमेधा, कुमगरी, घनाकछार, कटघोरा, कछार, दर्री और धवईपुर क्षेत्रों में सघन जांच की गई।
जांच के दौरान अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर 14 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में 1 चेन माउंटेन मशीन, 9 ट्रैक्टर, 2 हाइवा और 2 टिपर शामिल हैं।
कार्रवाई के बाद वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री एवं बांकीमोगरा थाना तथा खनिज जांच नाका उरगा में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


