कोरबा तिलकेजा के पूर्व सरपंच पर निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप, कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग

Must read

तिलकेजा के पूर्व सरपंच पर निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप, कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जनपद सदस्य ने सौंपा ज्ञापन, स्वामी आत्मानंद स्कूल रिनोवेशन और विधायक मद के निर्माण कार्यों में शासकीय राशि के दुरुपयोग का लगाया आरोप।

 

कोरबा  जनपद पंचायत कोरबा के क्षेत्र क्रमांक-21 तिलकेजा के जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत तिलकेजा के पूर्व सरपंच कुलसिंह कंवर पर निर्माण कार्यों में अनियमितता और शासकीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई और राशि की वसूली की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, वर्ष 2022 में स्वीकृत स्वामी आत्मानंद स्कूल के रिनोवेशन कार्य के लिए स्वीकृत राशि का लगभग 80 प्रतिशत आहरित कर लिया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। आरोप है कि अधूरे निर्माण के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।

इसके अलावा विधायक मद से स्वीकृत मंच एवं अन्य निर्माण कार्यों की राशि भी आहरित किए जाने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने का आरोप लगाया गया है। जनपद सदस्य का कहना है कि शासकीय राशि खर्च होने के बाद भी धरातल पर कार्य दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो संबंधित पूर्व सरपंच से राशि की वसूली करते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

नोट: यह समाचार जनपद सदस्य द्वारा कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पूर्व सरपंच का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

More articles

Latest article