Korba दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत

Must read

दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत

 

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट

 

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

 

जानकारी के अनुसार, ग्राम नुनेरा की एक ही बस्ती में रहने वाली 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना शुक्रवार को स्कूल जाने के बजाय गांव के अलगू तालाब पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि तालाब में नहाने के दौरान तीनों बच्चियां गहरे पानी की ओर चली गईं और देखते ही देखते पानी में डूब गईं।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।

 

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर के बाद नुनेरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

 

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद किए हैं और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

More articles

Latest article