बालको रिंग रोड पर धूल प्रदूषण की सरकारी जांच में पुष्टि, BALCO प्रबंधन को सख्त निर्देश
सड़क की बदहाल स्थिति और पानी का छिड़काव नहीं होने से उड़ रही थी भारी धूल, पर्यावरण संरक्षण मंडल ने निरीक्षण में पाई गंभीर लापरवाही
कोरबा। बालको नगर के रिंग रोड पर धूल प्रदूषण की समस्या को लेकर की गई शिकायत के बाद छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। बजरंग चौक से सेपको गेट तक सड़क का 11 एवं 12 नवंबर 2026 को निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहनों की आवाजाही से भारी मात्रा में धूल उड़ती पाई गई। वहीं, सड़क पर प्रभावी जल छिड़काव की व्यवस्था भी नहीं मिली। उड़ती धूल आसपास के रहवासी क्षेत्रों में फैलने की स्थिति निरीक्षण प्रतिवेदन में दर्ज की गई।
इस मामले में बालको नगर के वार्ड क्रमांक 39, रिस्दा निवासी पी. योगेश कुमार ने 7 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का टोकन नंबर WP261100270871 है। शिकायत में रिंग रोड पर गंभीर धूल प्रदूषण की तत्काल जांच, पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित कराने और जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पर्यावरण संरक्षण मंडल के वैज्ञानिक रोहित कुमार सिंह एवं सहायक अधीक्षक सुभाष कुमार द्विवेदी ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उद्योग प्रबंधन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में सड़क की खराब स्थिति और नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से उत्पन्न धूल प्रदूषण को दर्ज किया।
पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने 12 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 2281 जारी कर भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) प्रबंधन को सड़क मार्ग पर नियमित एवं प्रभावी जल छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही की गई सुधारात्मक कार्रवाई की जानकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान दोबारा ऐसी स्थिति पाए जाने पर वायु (प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी उद्योग प्रबंधन की होगी। पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव एवं कोरबा कलेक्टर को भी भेजी गई है।
सरकारी जांच में धूल प्रदूषण की पुष्टि होने के बाद अब बालको प्रबंधन के सामने सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की चुनौती है। वहीं, क्षेत्र के रहवासियों को उम्मीद है कि सरकारी निर्देशों के बाद उन्हें धूल के गुबार से राहत मिलेगी।











