अडानी पावर प्लांट परिसर में बस से लटकती मिली चालक की लाश, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा-उरगा। उरगा थाना क्षेत्र के अडानी पावर प्लांट (पूर्व लैंको) परिसर में एक बस के अंदर फंदे से लटकती हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजेश महतो के रूप में हुई है, जो रोहित बिल्डकॉन कंपनी में बस चालक के रूप में कार्यरत था।
सूत्रों के अनुसार, राजेश महतो प्लांट कर्मचारियों को लाने-ले जाने का कार्य करता था और अधिकांश समय बस में ही रहता था। वह कभी बस के अंदर तो कभी बाहर खाना बनाकर वहीं सो जाया करता था। सुबह जब साथी कर्मचारी पहुंचे, तो उन्होंने बस के अंदर राजेश को फंदे से लटका देखा और तुरंत घटना की सूचना कंपनी प्रबंधन तथा पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही उरगा थाना प्रभारी एसआई राजेश तिवारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कंपनी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए तथा मृतक के परिजनों को सूचित किया। फिलहाल मौत के कारणों की जांच जारी है।






