KORBA किसानों की सुविधा, सड़क चौड़ीकरण, खेल मैदान और कनकेश्वर धाम के लिए विधायक फूल सिंह राठिया ने लिखा पत्र 

Must read

किसानों की सुविधा, सड़क चौड़ीकरण, खेल मैदान और कनकेश्वर धाम के लिए विधायक फूल सिंह राठिया ने लिखा पत्र

 

 

 

 

 

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों के लिए पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित किया है। विधायक ने अपने पत्रों में किसानों की सुविधा, सड़क चौड़ीकरण और खेल मैदानों की व्यवस्था को लेकर मांग रखी है।

 

विधायक राठिया ने बताया कि वर्तमान में तहसील करतला और बरपाली के किसानों को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर की केवल बरपाली शाखा पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि करतला सहकारी समिति में भी बैंक शाखा खोली जाए, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल सके।

 

इसी तरह उन्होंने ग्राम पंचायत मदनपुर बांध के किसानों के लिए लिफ्ट इरिगेशन सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि सिंचाई की समस्या दूर हो सके।

 

विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखे एक अन्य पत्र में कहा है कि कोरबा–खरसिया मुख्य सड़क मार्ग नोनबिर्रा से रामपुर–बेहरचुवां तक लगभग 27 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण जरूरी है। इस सड़क के चौड़ीकरण से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

खेल सुविधाओं को लेकर भी विधायक राठिया ने मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत गोढ़ी में क्रीड़ा खेल परिसर और एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का निर्माण होना चाहिए। जिले के कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, लेकिन एस्ट्रोटर्फ मैदान न होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस सुविधा के उपलब्ध होने से खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर होगा और वे पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।

कनकेश्वर धाम को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग, विधायक ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र

रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कोरबा जिले के ग्राम पंचायत कनकी स्थित कनकेश्वर धाम शिव मंदिर को छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की सूची में शामिल करने की मांग की है।

 

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि कनकेश्वर धाम पूरे प्रदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर सात दिवसीय भव्य मेला एवं सावन माह में एक माह का मेला आयोजित होता है। सावन के प्रत्येक सोमवार को लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन हेतु पहुंचते हैं।

 

उन्होंने बताया कि यह स्थान धार्मिक महत्व के साथ-साथ प्राकृतिक और पारिस्थितिकीय दृष्टि से भी विशेष है। यहां सारस प्रजाति के पक्षी और साइबेरिया से आने वाले जलकाक जून से दिसम्बर तक प्रजनन हेतु आते हैं। इसके अलावा हसदेव नदी के किनारे की प्राकृतिक सौंदर्यता के कारण हजारों लोग यहां पिकनिक मनाने आते हैं।

 

विधायक राठिया ने कहा कि कनकेश्वर धाम को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थल का दर्जा मिलने से न केवल इस क्षेत्र का सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधायक फूलसिंह राठिया ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इन जनहितैषी मांगों पर शीघ्र कार्यवाही करेंगे।

More articles

Latest article