छिंदपुर में लो-वोल्टेज से जनजीवन प्रभावित, 10 दिन में समाधान नहीं तो घेराव
कोरबा पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छिंदपुर में बिजली व्यवस्था चरमराने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपस्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक शाला तक केवल एक ही सिंगल केबल से विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जिससे ओवरलोड और लो-वोल्टेज की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार उसी केबल पर वेल्डिंग मशीन चलने के कारण वोल्टेज बार-बार गिर रहा है। इससे मोटर बंद हो रही है और बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। परिणामस्वरूप पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्कूल की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णानंद राठौर ने बताया कि लगभग चार माह पूर्व इस समस्या को लेकर CSPDCL दीपका कार्यालय में सहायक अभियंता को लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभागीय लापरवाही से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कार्यपालन अभियंता, CSPDCL कोरबा को पत्र सौंपकर मांग की है कि छिंदपुर में अलग से नई केबल लाइन बिछाई जाए, ताकि ओवरलोड और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिल सके। पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो CSPDCL दीपका कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।
छिंदपुर में सिंगल केबल से बिजली आपूर्ति के कारण परेशान ग्रामीण






