KORBA धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था, तौल में गड़बड़ी और टोकन संकट से किसान परेशान — पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया निरीक्षण

Must read

धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था, तौल में गड़बड़ी और टोकन संकट से किसान परेशान — पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया निरीक्षण

 

 

 

 

 

 

 

 

कोरबा।धान खरीदी केंद्रों में किसानों की लगातार बढ़ती समस्याओं को देखते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दादरखुर्द, सुमेधा एवं नागिनभांठा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस कोरबा शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नत्थूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पार्षद नारायण कुर्रे, बद्री किरण, पालूराम साहु सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान दादरखुर्द धान खरीदी केंद्र में किसानों की गंभीर समस्याएं सामने आईं। किसानों ने बताया कि उन्हें धान बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तौल में गड़बड़ी की जा रही है, पर्याप्त टोकन नहीं दिए जा रहे हैं और कई किसानों का रकबा कम कर दिया गया है।

नकटीखार निवासी किसान निर्मल सिंह कंवर ने बताया कि उनके पास 50 क्विंटल धान है, लेकिन उन्हें केवल 12 क्विंटल बेचने का ही टोकन दिया गया है। ऐसे में बाकी धान लेकर वे कहां जाएं, यह सबसे बड़ी चिंता है। कई छोटे और मध्यम किसानों ने भी बताया कि टोकन सीमित होने के कारण उन्हें कई दिनों से लाइन में लगना पड़ रहा है।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मौके पर धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक जमाल खान से व्यवस्थाओं और तौल में हो रही अनियमितताओं की जानकारी ली। किसानों ने आरोप लगाया कि धान की पूरी मात्रा नहीं खरीदी जा रही है और वजन में हेराफेरी की जा रही है।

प्रबंधकों ने सफाई देते हुए कहा कि धान का उठाव कम होने के कारण खरीदी में दिक्कत आ रही है। इस पर पूर्व मंत्री अग्रवाल ने खाद्य अधिकारी एस.के. कंवर से फोन पर बात कर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ निर्देश देने से काम नहीं चलेगा, अधिकारी खुद मौके पर आकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और गड़बड़ियों को तुरंत दूर करें।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मेहनत और खून-पसीना बहाकर फसल उगाने वाले किसानों के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होना चाहिए। किसानों को शासन की योजनाओं का पूरा और न्यायसंगत लाभ मिलना चाहिए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय दाना-दाना धान खरीदा जाता था और किसानों को कभी इस तरह की परेशानी नहीं होती थी।

वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने सरकार से धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने कहा कि लिमिट कम होने से बड़े किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं और गिरदावरी में छेड़छाड़ कर रकबा कम दिखाया जा रहा है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है।

इसके बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सुमेधा और नागिनभांठा धान खरीदी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। यहां मौजूद किसानों ने बताया कि इन केंद्रों में व्यवस्था अपेक्षाकृत ठीक है और धान खरीदी सुचारू रूप से की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

More articles

Latest article