नेशनल हाईवे पर मड़वारानी के पास सड़क हादसा, बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मड़वारानी के समीप शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। दोपहर लगभग 12:45 बजे हुई इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक (क्रमांक CG 12 AC 3871) पर सवार दंपति दमखाचा गांव निवासी थे जो किसी कार्य से सराईपाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चांपा की ओर से आ रही एक तेज़ रफ्तार सफेद रंग की कार (क्रमांक CG 12 AT 5605) ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपति सड़क पर गिर पड़े जबकि उनकी बाइक कार में फंसकर लगभग 100 मीटर तक घसीटती चली गई। खबर लिखे जाने तक कार और चालक अभी फरार है। दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत नेशनल हाईवे इमरजेंसी नंबर 1033 पर कॉल कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चांपा अस्पताल रवाना किया गया।









