बिजली बिल तो पूरा… लेकिन रातभर बत्ती गुल!
हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण परेशान
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पिछले एक महीने से लगातार रात में की जा रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानियाँ बढ़ती जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार भैंसमा सबस्टेशन से जुड़े नोनबिर्रा, सेन्द्रीपाली, नावाडीह, केराकछार, बांधापाली और पीडिया गांवों में हर रात घंटों तक बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बिल समय पर पूरा जमा करने के बावजूद अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। बिजली कटौती से कारोबार प्रभावित, दुकानदारों का नुकसान बढ़ रहा है और आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को हो रही है। जिन घरों में इन्वर्टर है, उनके बच्चे किसी तरह पढ़ाई कर पाते हैं, लेकिन गरीब परिवारों के बच्चे आज भी दिया या आग जलाकर पढ़ने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग और बिजली विभाग की मनमानी के कारण बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो आने वाले समय में समस्याएँ और बढ़ सकती हैं।
ग्रामीणों ने दोनों विभागों से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है।






