मेला देखने आया 9 वर्षीय रोशन नहर में डूबा, 30 किमी दूर मिला शव
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा जंगलपारा में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया।
9 वर्षीय रोशन कंवर अपने परिवार के साथ कचोरा मड़वारानी से कनकी महाशिवरात्रि मेला में शामिल होने मामा के घर आया था। घर में दो भाई हैं, जिनमें रोशन बड़ा बेटा था। मेले की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई।
सुबह करीब 11 बजे रोशन अपनी मामी के साथ नहर में नहाने गया। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। मामी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह लापता हो चुका था।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। घंटों की खोजबीन के बाद शाम करीब 4 बजे उसका शव पंतोरा थाना क्षेत्र के पास नहर में मिला। बताया जा रहा है कि वह लगभग 30 किलोमीटर दूर बहकर पहुंच गया था।
मां क्लीन्द्री बाई और पिता विष्णु कंवर का रो-रोकर बुरा हाल है। घर का बड़ा बेटा खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह घटना पूरे इलाके को झकझोर गई है।









