रशियन हॉस्टल के पास लोहे का पुल काटकर चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल 15 आरोपियों में से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन तथा ₹6,000 नकद बरामद किए हैं। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी जप्त की गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी द्वारा चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई कि दिनांक 17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगे लोहे के पुल/रेलिंग को अज्ञात चोरों द्वारा गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया गया। सूचना के आधार पर अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में साइबर सेल कोरबा एवं चौकी सीएसईबी पुलिस को शामिल किया गया।
तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं लगातार पतासाजी के आधार पर कुल 15 आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गैस कटर से रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
लोचन केवट (20 वर्ष) – दशहरा मैदान के पीछे, 15 ब्लॉक
जयसिंह राजपूत (23 वर्ष) – दशहरा मैदान के पीछे, 15 ब्लॉक
मोती प्रजापति (27 वर्ष) – पम्पहाउस अटल आवास
सुमित साहू (19 वर्ष) – मैगजीनभांटा साईं मंदिर के पास
केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिक्चर (22 वर्ष) – 15 ब्लॉक झरनापारा
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या चोरी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






