रेत खदानों में पारदर्शिता की पहल, अवैध उत्खनन पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिला कोरबा की स्वीकृत 20 रेत खदानों में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। प्रत्येक रेत खदान के मुख्य मार्ग एवं खदान क्षेत्र के समीप उत्खनन-पट्टा संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने वाली पट्टिकाएं स्थापित की गई हैं, ताकि आम नागरिकों को खदान की स्वीकृति, संचालन अवधि एवं अन्य आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।
खदान क्षेत्रों की प्रारंभिक एवं अंतिम सीमाओं को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने हेतु दोनों ओर सीमा-बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही दिशा-सूचक पट्टिकाएं भी स्थापित की गई हैं, जिससे निरीक्षण कार्य और आवागमन सुगम हो तथा अनधिकृत गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके।
उप संचालक खनिज विभाग श्री प्रमोद कुमार नायक ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया गया है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना आम नागरिक निम्न मोबाइल नंबरों पर दे सकते हैं –
प्रेम राजपूत: 8770924807
संजू लहरे: 8839538188
छतसिंह खैरवार: 9753266726
श्रावकुमार श्रीवास: 7447063227
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा के सीतामढ़ी घाट से लेकर देवरा माल हसदेव नदी के बीच कई ऐसे स्थान बताए जा रहे हैं, जहां से कथित रूप से अवैध रेत निकासी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्थानों पर निगरानी अपेक्षाकृत कम होने के कारण अवैध उत्खनन की गतिविधियां संचालित हो रही हैं और कई बार शिकायत के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं हो पाती।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए आगे आएं और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके









