रेलवे ट्रैक निर्माण सामग्री गबन का खुलासा: अंदरूनी संलिप्तता में दो गिरफ्तार, 25 लाख की जब्ती
कोरबा। गेवरा रोड से पेंड्रा रोड के मध्य निर्माणाधीन नई विद्युतीकृत डबल रेलवे लाइन परियोजना में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण में कोरबा पुलिस ने गहन जांच के बाद कंपनी के ही दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जेसीबी वाहन, लोहे के स्लीपर के टुकड़े एवं नगद राशि सहित कुल लगभग 25,06,000 रुपये की सामग्री जब्त की है।
मामले की शिकायत शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी द्वारा थाना कटघोरा में दर्ज कराई गई थी। शिकायत में रेलवे साइड सिंघिया एवं सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे के स्लीपर एवं अन्य सामग्री के गायब होने की जानकारी दी गई थी। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा श्री विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में विस्तृत जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारियों, गार्डों एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मामला किसी बाहरी लूट या डकैती का नहीं, बल्कि संस्था के भीतर कार्यरत व्यक्तियों द्वारा पद का दुरुपयोग कर की गई आंतरिक गबन का है। इस आधार पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 316(5), 317(2), 317(3) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।
जांच में सामने आया कि जेसीबी ऑपरेटर तेजबहादुर पटेल विगत कई महीनों से रेलवे निर्माण सामग्री चोरी कर कबाड़ी को बेच रहा था। इस कृत्य में राहुल सिंह मरकाम की भी संलिप्तता पाई गई। साथ ही, घटना को बाहरी लूट का रूप देने के लिए कुछ कर्मचारियों पर भ्रामक जानकारी देने का दबाव भी बनाया गया था।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति एवं सार्वजनिक परियोजनाओं से जुड़े किसी भी प्रकार के गबन अथवा आपराधिक कृत्य के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।






