रेल साइडिंग में बड़ा हादसा — गेवरा परियोजना में लोडर ट्रेन से टकराया, चालक की दर्दनाक मौत
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, प्रबंधन ने जांच के दिए निर्देश
कोरबा। जिले की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा परियोजना में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम पाली (फर्स्ट शिफ्ट) के दौरान रेलवे साइडिंग क्षेत्र में कार्यरत निजी कंपनी एम/एस एसीबी का एक लोडर ऑपरेटर कोयला लोड करने का कार्य कर रहा था। इसी बीच अचानक ट्रेन के मूवमेंट में आने से लोडर मालगाड़ी से जा टकराया, जिससे ऑपरेटर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9 बजे के आसपास हुआ। उस समय मालगाड़ी के डिब्बों में कोयला भरने का काम जारी था। बताया जा रहा है कि ऑपरेटर लोडर को पीछे करने के दौरान अनजाने में रेलवे ट्रैक के बहुत करीब चला गया। उसी वक्त ट्रेन के अचानक बढ़ने से लोडर सीधे इंजन के हिस्से से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक लोडर के केबिन में ही फंस गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल घटना की सूचना गेवरा प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही प्रबंधन, सुरक्षा दल एवं पुलिस मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद रेल साइडिंग क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सहकर्मियों ने इस दर्दनाक हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रेल साइडिंग क्षेत्र में कार्य के दौरान सुरक्षा संकेत, समन्वय और चेतावनी प्रणाली में सुधार की सख्त जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
वहीं, गेवरा प्रबंधन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि हादसे की जांच के लिए समिति गठित की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि कोलफील्ड्स क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं।






