विधायक फूल सिंह राठिया की पहल से रामपुर विधानसभा में 23.50 किमी ग्रामीण सड़कों को मिली मंजूरी
₹2175.59 लाख की लागत से होगा निर्माण, PMGSY-IV के तहत विकास को नई गति
कोरबा।रामपुर विधानसभा के विधायक फूल सिंह राठिया ने एक बार फिर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV / PM-DAJGUA) के अंतर्गत कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 23.50 किलोमीटर लंबाई की ग्रामीण सड़कों के निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं पर कुल ₹2175.59 लाख (GST सहित) की लागत आएगी।
यह स्वीकृति बैच-I, वर्ष 2025-26 के अंतर्गत दी गई है। विधायक फूल सिंह राठिया की निरंतर सक्रियता और प्रभावी पहल के परिणामस्वरूप करतला एवं कोरबा विकासखंड के उन ग्रामीण अंचलों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा, जो वर्षों से मुख्य मार्गों से वंचित रहे हैं।
प्रस्तावित सड़कों में चोरभट्टी से तराईमार वाया कछार (7.40 किमी) सबसे लंबा मार्ग है, जिसकी अनुमानित लागत ₹696.87 लाख है। इसके अलावा करतला विकासखंड में बेहरचुंवा रोड से बिंझकोट, नोनदरहा मेन रोड से बरभाठा, चिचोली रोड से मैनपारा तथा कोरबा विकासखंड में चाकामार मेन रोड से हथीमुढ़, गोढ़ी मेन रोड से दैहानभाठा, बासीन रोड से कोदवारी और सुर्वे मेन रोड से अकदाहा तक सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है।
इस अवसर पर विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा,
“ग्रामीण इलाकों को सड़क से जोड़ना मेरी प्राथमिकता है। जब तक गांव मजबूत नहीं होंगे, तब तक जिला और प्रदेश मजबूत नहीं हो सकता।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम बताया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।









