KORBA होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने कोरबा पुलिस का फ्लैग मार्च

Must read

होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने कोरबा पुलिस का फ्लैग मार्च

 

 

 

 

 

 

 

जिले के सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में व्यापक पुलिस मार्च

हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई, आमजन से सौहार्दपूर्ण पर्व मनाने की अपील

 

होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कोरबा पुलिस द्वारा जिले भर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोरबा) लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) नीतिश ठाकुर सहित समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में जिला मुख्यालय तथा सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया।

 

जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कोसाबाड़ी क्षेत्र तक निकाला गया। मार्च में लगभग 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया गया तथा असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई।

 

इसी प्रकार थाना कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो एवं दीपका क्षेत्रों में भी पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर नागरिकों से शांतिपूर्वक पर्व मनाने की अपील की गई। चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के माध्यम से गली-मोहल्लों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र से संदेश प्रसारित कर होली एवं रमज़ान ईद के दौरान शांति, सद्भाव और भाईचारे का परिचय देने का आग्रह किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्वक पर्व मनाने वालों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, वहीं हुड़दंग करने वाले, जबरन रंग लगाने वाले, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस लगातार सघन कार्रवाई कर रही है। आमजन से अपील है कि वे पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

More articles

Latest article