3 किलोमीटर दूर होने से ग्रामसभा में नहीं हो पाते शामिल अब अलग ग्रामसभा की मांग तेज़
कोरबा। जिला कोरबा के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केरवाद्वारी के आश्रित मुहल्ला द्वारी के ग्रामीणों ने पेसा नियमों के तहत स्वतंत्र ग्रामसभा गठित करने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को जनदर्शन
पोर्टल (टोकन नंबर 2050125002262) के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुहल्ला द्वारी, ग्राम केरवाद्वारी से लगभग तीन किलोमीटर दूरी पर स्थित है। दूरी अधिक होने के कारण वे नियमित रूप से ग्रामसभा बैठकों में शामिल नहीं हो पाते हैं, जिससे शासन की योजनाओं का सीधा लाभ उन्हें नहीं मिल पाता।
आवेदन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि पेसा अधिनियम
1996 एवं नियम 2022 की धारा 129(क) के खंड (ख)
के अनुसार प्रत्येक पारा या मुहल्ले में अलग ग्रामसभा गठित की जा सकती है। इसी नियम के तहत मुहल्ला द्वारी में स्वतंत्र ग्रामसभा गठित कराए जाने की मांग की गई है, ताकि स्थानीय निवासियों को शासकीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और सामाजिक विकास से जुड़ी सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने आवेदन के साथ अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) को पूर्व में दिए गए आवेदन की प्रतिलिपि एवं ग्रामसभा प्रस्ताव सहित सदस्यों के हस्ताक्षरित दस्तावेज़ भी संलग्न किए हैं।
इस आवेदन पर प्रमुख रूप से बिरीछराम, शुक्रवार सिंह, पतंग सिंह, फिरतुराम, उत्तम सिंह कंवर, नंदलाल एवं श्यामलाल के हस्ताक्षर हैं।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी मांग पर शीघ्र निर्णय लेकर पेसा अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार मुहल्ला द्वारी में नई ग्रामसभा गठित करेगा।






