अदाणी पावर प्लांट की राख बनी मुसीबत! ओवरलोड वाहनों से उड़ती राख, हाईवे पर राहगीरों की जान खतरे में”
कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित Adani Power प्लांट पताढ़ी से निकलने वाली राख (फ्लाई ऐश) अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। प्लांट से भारी मात्रा में ओवरलोड वाहनों के जरिए राख का परिवहन किया जा रहा है, जिसे आसपास के गड्ढों या अन्य स्थानों पर डंप करने ले जाया जाता है।
वाहनों को ऊपर से तिरपाल से ढका जरूर जाता है, लेकिन ओवरलोड होने की वजह से तेज हवा या सड़क पर झटके लगते ही राख नीचे गिरने लगती है। इसका सीधा असर हाईवे से गुजरने वाले बाइक सवारों, कार चालकों और राहगीरों पर पड़ रहा है। उड़ती राख लोगों की खुली आंखों में जा रही है, जिससे दुर्घटना और गंभीर स्वास्थ्य समस्या का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर ऐसे ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या पर्यावरण सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर कोई नियम-कानून लागू नहीं है? प्रशासन और संबंधित विभागों की चुप्पी अब कई सवाल खड़े कर रही है।
“रोज उड़ रही राख, परेशान हो रहे लोग… आखिर जिम्मेदारों पर कब होगी कार्रवाई?”


