खदानों में डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, ₹10 हजार का इनामी मास्टरमाइंड नवीन कश्यप सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। दीपका पुलिस ने गेवरा एवं कुसमुंडा खदान क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय डीजल चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड और ₹10 हजार के इनामी आरोपी नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नवीन कश्यप पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री के मार्गदर्शन में दीपका पुलिस द्वारा डीजल चोर गिरोह के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 जून 2026 की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह का सरगना नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नवीन कश्यप के साथ परमेश्वर सारथी और सब्बीर मेमन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं। इससे पूर्व इस मामले में 2500 लीटर चोरी का डीजल जब्त किया जा चुका है तथा 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। ताजा कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना दीपका में दर्ज अपराध क्रमांक 437/2024 एवं 114/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा गिरोह से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


