गुंडागर्दी पर कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, हत्या के प्रयास का केस दर्ज
पंप हाउस कॉलोनी मारपीट मामले में आरोपियों पर BNS की धारा 109 सहित कार्रवाई, देर रात फ्लैग मार्च और बाइक पेट्रोलिंग
पुलिस की दो टूक— “बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ”
कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना, सिविल लाइन थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) आस्था शर्मा तथा सीएसईबी सहायता केंद्र प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस और महिला पुलिस की संयुक्त टीम ने पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर, डीडीएम रोड सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में बाइक पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान देर रात बिना उचित कारण घूम रहे युवकों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की गई। जिन संकरी गलियों में चारपहिया वाहन नहीं पहुंच सकते थे, वहां बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से गश्त की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अड्डेबाजी, हुड़दंग, असामाजिक गतिविधियों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित बाइक पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार दें तथा उन्हें अपराध और गुंडागर्दी से दूर रखें। पुलिस का स्पष्ट संदेश है—”बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ।”
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था संबंधी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें, ताकि सुरक्षित, शांत और अपराधमुक्त कोरबा के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।


