कोरबा में रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिला, ट्रेन से गिरकर हादसे की आशंक
कोरबा। जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना के अनुसार, स्टेशन मास्टर ने शव देखे जाने की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद उरगा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके का निरीक्षण करने पर शव रेलवे लाइन के पास बिजली खंभे के तार से सटा हुआ पाया गया, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक संभवतः देर रात किसी यात्री ट्रेन के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और पास से गुजर रहे बिजली खंभे या तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है। उसने काले रंग का लोअर और टी-शर्ट पहन रखा था। घटनास्थल से किसी भी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल के नेतृत्व में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में मुनादी करवा रही है और तकनीकी माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं रेलवे पुलिस भी अपने स्तर पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
👉 सावधानी संदेश:
चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर यात्रा करना जानलेवा साबित हो सकता है। यात्रियों को सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सावधानी बरतनी चाहिए।









