अवैध महुआ शराब बिक्री की शिकायत पर सेंद्रीपाली पहुंचे करतला पुलिस.
करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंद्रीपाली में अवैध महुआ शराब बिक्री की शिकायत पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस पर रोक लगाने की मांग की थी
ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शाम को आबकारी विभाग की टीम को मौके पर भेजा। वहीं, मंगलवार की सुबह करतला थाना पुलिस की टीम भी सेंद्रीपाली पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर अवैध शराब बिक्री करने वाले घरों को चिन्हित किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित घरों के लोगों को शराब बिक्री व निर्माण पूरी तरह से बंद करने की सख्त हिदायत दी। इस दौरान कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होती दिखाई दी, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही।ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जंगलों से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब, लहान एवं शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री को जब्त कर नष्ट किया गया।






