रूमगड़ा–सतरेंगा–लेमरू प्रधानमंत्री सड़क बदहाल — कढ़कटरा में जानलेवा गड्ढा, विधायक फूल सिंह राठिया ने की तत्काल मरम्मत की मांग
रूमगड़ा से सतरेंगा–लेमरू तक बनने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। सड़क के कई हिस्से दब गए हैं और बड़े-बड़े गड्ढों का रूप ले चुके हैं। विशेषकर कढ़कटरा के पास सड़क पर बना गहरा गड्ढा दुर्घटना को दावत दे रहा है, जिससे आमजन के साथ-साथ वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल है।
सतरेंगा चूंकि प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां रोजाना सैकड़ों पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में इस जर्जर सड़क के कारण दुर्घटनाओं की संभावना और बढ़ गई है।
इस गंभीर स्थिति को लेकर रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने भी सड़क मरम्मत को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि
“जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। सड़क की खराब स्थिति से हादसे हो रहे हैं, इसलिए प्रधानमंत्री सड़क का तुरंत मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाए।”
स्थानीय ग्रामीणों ने भी सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए शासन-प्रशासन से त्वरित मरम्मत की मांग की है।


