कोरबा : पसान क्षेत्र में हाथियों का बढ़ता आतंक — 80 वर्षीय महिला की दर्दनाक
कोरबा। जिले के पसान क्षेत्र के गोलाबहरा गांव में रविवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। खेत की ओर जा रही एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला इंद्रकुंवर पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार इंद्रकुंवर अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर खेत की ओर जा रही थीं। तभी झाड़ियों के पास छिपे एक हाथी ने अचानक उन पर धावा बोल दिया और उन्हें कुचल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
ग्राम में हाथियों की लगातार आवाजाही से दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों से देर शाम और सुबह के समय खेतों की ओर अकेले न जाने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि पसान, करतला व आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।






