ग्राम मुढ़ाली में महतारी वंदन योजना के तहत निःशुल्क केवाईसी शिविर आयोजित
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन मुढ़ाली में अटल डिजिटल पंचायत योजना के तहत संचालित सीएससी केंद्र में पात्र हितग्राही महिलाओं का निःशुल्क केवाईसी किया जा रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है।
शिविर में महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से सहयोग किया। इस दौरान सरपंच एवं उपसरपंच का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। शिविर में उपस्थित हितग्राहियों के लिए नाश्ता और पानी की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। वहीं, जिन हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी है या जो फर्जी तरीके से लाभ ले रही थीं, उनके खातों में राशि का वितरण अब बंद किया जाएगा।
सरकार द्वारा 30 जून 2026 तक केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद छूटे हुए हितग्राहियों का केवाईसी परियोजना अधिकारी के माध्यम से कराया जाएगा।
हालांकि, कई महिलाओं के आधार और योजना में दर्ज नामों में असमानता के कारण आवेदन रिजेक्ट हो रहे हैं। इस समस्या के समाधान को लेकर सरकार की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर हितग्राहियों की नजर बनी हुई है।
वहीं, सीएससी संचालकों द्वारा निःशुल्क केवाईसी किया जा रहा है, लेकिन योजना के तहत मिलने वाले कमीशन को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह राशि उनके दैनिक न्यूनतम मेहनताना के अनुरूप है और क्या इससे उनके परिवार का भरण-पोषण संभव हो पा रहा है।









