शक्ति वेदांता प्लांट में भीषण हादसा: सांसद महंत ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने शक्ति जिले स्थित वेदांता लिमिटेड के प्लांट में हुए भीषण हादसे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं, बल्कि लगातार सुरक्षा नियमों की अनदेखी का नतीजा है।
सांसद महंत ने याद दिलाया कि इससे पहले कोरबा स्थित वेदांता प्लांट में चिमनी निर्माण के दौरान हुए हादसे में करीब 40 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इसके अलावा भी परियोजना में कई दुर्घटनाएं हुई हैं, जो श्रमिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि शक्ति जिले में बॉयलर फटने की हालिया घटना अत्यंत गंभीर और दुखद है। अब तक मृतकों की वास्तविक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार एक दर्जन से अधिक श्रमिकों की मौत और 40 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है, जो बेहद चिंताजनक है।
सांसद ने राज्य सरकार और प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। बार-बार हादसे होने के बावजूद जिम्मेदार एजेंसियों की चुप्पी समझ से परे है।
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए तत्काल समिति गठित की जाए और हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों व प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मृतक श्रमिकों के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार तथा घायलों के समुचित और उच्च स्तरीय इलाज की पूरी जिम्मेदारी वेदांता प्रबंधन को उठानी चाहिए।
अंत में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।









