सक्ती सेंदुरस डबल मर्डर केस का खुलासा: पति-पत्नी की हत्या और लूट के आरोपी गिरफ्तार, 2024 के मुक्ता डबल मर्डर का भी निकला राज

Must read

सेंदुरस डबल मर्डर केस का खुलासा: पति-पत्नी की हत्या और लूट के आरोपी गिरफ्तार, 2024 के मुक्ता डबल मर्डर का भी निकला राज

 

 

 

 

 

 

 

 

 

CEIR पोर्टल और साइबर जांच की मदद से सक्ती पुलिस को बड़ी सफलता, दोहरे अंधे हत्याकांड के दो आरोपी और लूट का सोना खरीदने वाला सराफा व्यापारी गिरफ्तार

सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में हुए सनसनीखेज पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों देवकुमार यादव (33 वर्ष) और रूपचरण यादव (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने ही जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित डबल मर्डर को भी अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, 2-3 जून 2026 की रात सेंदुरस गांव में अपने घर के बाहर सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे की लोहे की रॉड से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने घर में लूटपाट कर सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल भी ले गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल ने मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल और CEIR पोर्टल की मदद से जांच आगे बढ़ाई। मृतक का चोरी हुआ मोबाइल मिलने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या और लूट की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 ग्राम सोने के आभूषण, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल बरामद की है।

जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए आभूषणों को जैजैपुर के खिलेश्वर ज्वेलर्स संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने व्यापारी को भी गिरफ्तार कर लूट का सोना बरामद कर लिया है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल के दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात भी कबूल की। इस खुलासे के साथ सक्ती पुलिस ने दो अलग-अलग डबल ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने इस जटिल और चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने वाली पूरी टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

More articles

Latest article