बिलासपुर: तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार 17 वर्षीय युवक की मौत, स्कूल बस से भी भिड़ी कार; चालक फरार

Must read

बिलासपुर: तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार 17 वर्षीय युवक की मौत, स्कूल बस से भी भिड़ी कार; चालक फरार

 

 

 

 

 

 

 

 

बिलासपुर। शहर के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार कार की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार 17 वर्षीय रुद्र प्रताप शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद अनियंत्रित कार एक स्कूल मिनी बस से भी जा टकराई। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार क्रमांक CG 10 BH 7752 तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी। इसी दौरान उसने सामने से आ रही स्कूटी क्रमांक MP 18 S 0114 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार रुद्र प्रताप शर्मा (पिता – मुकेश शर्मा, उम्र लगभग 17 वर्ष, निवासी अभिषेक नगर, मंगला) गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और सड़क से गुजर रही स्कूल मिनी बस क्रमांक CG 10 BN 8858 से जा भिड़ी। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय बस में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को पहले सिम्स अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे अपोलो अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग दुर्घटनाग्रस्त कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, वाहन को जब्त कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।

More articles

Latest article