देवांगन ऑटो पार्ट्स में आग से लाखों का नुकसान, कब थमेंगी ऐसी घटनाएं
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम आमापाली (तिलकेजा) में देर रात हुई संदिग्ध आगजनी की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन उरगा थाना क्षेत्र में चोरी, मारपीट, आगजनी और अन्य आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आती रही हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस बार देवांगन ऑटो पार्ट्स के संचालक सुनील कुमार देवांगन के घर और दुकान परिसर में खड़े वाहनों में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें घर तक पहुंच गईं। कुछ देर की देरी होती तो पूरा मकान भी आग की चपेट में आ सकता था और बड़ा जनहानि का हादसा हो सकता था।
परिजनों और ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और डायल-112 मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था।
इस घटना में एक मोटरसाइकिल, तीन स्कूटी और दो साइकिल जलकर खाक हो गईं। पीड़ित ने करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और दोषियों का जल्द पता लगाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक कर पाती है और आखिर यह हादसा था या सुनियोजित आगजनी।


