कनकी मेला घूमकर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, मवेशी को बचाने में पलटा ऑटो
कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी ओवरब्रिज के पास कनकी मेला घूमकर लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि ऑटो के सामने अचानक एक आवारा मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
ऑटो क्रमांक CG 12 BC 1740 में एक परिवार कनकी मेला घूमकर वापस लौट रहा था। हादसे में ऑटो चालक सालियाभाटा निवासी नरेश कुमार को गंभीर चोटें आईं, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। घायल चालक को 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी सहित पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय वाहन चालकों को मवेशी दिखाई नहीं देते। ऐसे में जिम्मेदार विभाग को सड़क पर घूम रहे मवेशियों की व्यवस्था करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में बड़े हादसे को रोका जा सके।










