खेरभावना के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत; ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा। खेरभावना के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 47 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ग्राम कनबेरी निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर, पिता स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर, काम से कोरबा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेंद्र सिंह कंवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और फरार कार चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से अज्ञात कार की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर यातायात नियंत्रण, तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।










