कोरबा/करतला। ग्राम पंचायत फतेहगंज के चोहरा भांठा में पिछले 3 दिनों से बिजली बंद होने के कारण
ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह क्षेत्र तुमान फीडर के अंतर्गत आता है।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली बंद होने की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से की जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का समाधान करने के लिए मौके पर जिम्मेदार कर्मचारी नहीं पहुंचे हैं।
बिजली नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशानी छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई को लेकर हो रही है। शाम होते ही घरों में अंधेरा छा जाने के कारण बच्चों को पढ़ने-लिखने में दिक्कत हो रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना हुआ है।
लगातार तीन दिनों से बिजली व्यवस्था बाधित होने से आम जनजीवन प्रभावित है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए और लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारों से जवाब लिया जाए।
ग्रामीणों का सवाल है—शिकायत के बावजूद तीन दिन बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग की टीम मौके पर क्यों नहीं पहुंची?










