पाताढ़ी अदाणी पावर प्लांट गेट पर रात में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की चपेट में कर्मचारी की मौत!
सुबह पुलिस ने संभाला मोर्चा, ट्रैफिक क्लियर कराने ठेले हटाने और सड़क किनारे बाइक खड़ी न करने की दी सख्त हिदायत
कोरबा/उरगा। पाताढ़ी स्थित अदाणी पावर प्लांट के गेट नंबर-1 के सामने बीती रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें जुनवानी निवासी मनोज कुमार कैवर्त, जो प्लांट में कर्मचारी बताए जा रहे हैं, की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई।
हादसे में शामिल ट्रेलर का क्रमांक CG 10 BO 0492 बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुटी और चक्काजाम जैसी स्थिति बनने की सूचना सामने आई।
वहीं आज सुबह पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने का प्रयास किया। गेट के आसपास सड़क किनारे लगे पान-ठेले और चाय की टपरियों की वजह से यातायात प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए उन्हें हटाने की अनुमति दी गई है।
इसके साथ ही सड़क के आसपास बाइक खड़ी नहीं करने को लेकर भी सख्त समझाइश दी गई, ताकि बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित न हो और दुर्घटना की आशंका कम की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट गेट के आसपास लगातार भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क किनारे दुकानें, खड़े दोपहिया वाहन और भीड़भाड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
अब बड़ा सवाल यह है कि प्लांट गेट जैसे व्यस्त क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए क्या स्थायी इंतजाम किए जाएंगे?
पुलिस की जांच में हादसे का वास्तविक कारण और अन्य परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।










