कागजों में स्वच्छता, हकीकत में गंदगी — वार्ड 25 और 26 के बीच प्लॉट एरिया में नगर निगम की सफाई व्यवस्था फेल
कोरबा :एक तरफ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 25 और 26 के बीच स्थित प्लॉट एरिया में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दे रही है।
इलाके में जगह-जगह कचरे के ढेर, टूटी हुई निर्माण सामग्री, सड़क किनारे बिखरा प्लास्टिक कचरा और खुले नाले साफ-सफाई व्यवस्था की बदहाली को बयां कर रहे हैं। लंबे समय से कचरा नहीं उठने के कारण यहां गंदगी का अंबार लग गया है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में बनी नालियों में गंदा और बदबूदार पानी भरा हुआ है, जिसकी नियमित सफाई नहीं होने से दुर्गंध फैल रही है। इससे क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और लोगों को संक्रामक बीमारियों का डर सताने लगा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इसी इलाके में पीने के पानी की पाइपलाइन भी जगह-जगह से लीकेज हो रही है। पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण आसपास कीचड़ और गंदगी जमा हो गई है। ऐसे में गंदगी के संपर्क में आने से पीने का पानी दूषित होने की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नालियों की सफाई कराने और लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
अगर समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में यह स्थिति स्वास्थ्य संबंधी बड़ी समस्या का रूप ले सकती है।









